चार साल बाद फिर दिखा साथ साथ मुलायम का पूरा परिवार


 
इटावा,(स्वतंत्र प्रयाग),मुलायम परिवार के लिए इस बार होली अच्छा संदेश लेकर आई। सपा से अलग होकर शिवपाल सिंह यादव द्वारा नई पार्टी बनाए जाने के बाद मुलायम सिंह का बिखरा परिवार इस बार होली फिर से एक दिखाई दिया।


सैफई में आयोजित होली मिलन समारोह में चार साल बाद एक मंच पर मुलायम सिंह और शिवपाल नजर आए, वहीं अखिलेश यादव ने लोगों को बधाई भी दी। एक मंच पर परिवार के सदस्य एक दूसरे से मिले तो गिले शिकवे भी मिट गये। इसकी खुशी पूरे सैफई गांव में भी देखी गई।


 


सैफई में प्रति वर्ष की तरह होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आवास पर होली कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहां पर बने मंच पर सबसे पहले अखिलेश यादव पहुंचे और फाग गायन का आनंद लिया। करीब एक घंटे बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी मंच पर पहुंच गए। इसके एक घंटे बाद प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव अपने बेटे अंकुर उर्फ आदित्य यादव के साथ मंच पर पहुंचे।


वहीं प्रोफेसर रामगोपाल यादव भी सपा के राष्ट्रीय महासचिव अपने पुत्र पूर्व सांसद अक्षय यादव के साथ मंच पर पहुंचे। पहले से मंच पर मौजूद पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव तथा नेताजी के बचपन के साथी सैफई प्रधान दर्शन सिंह यादव मौजूद थे।


पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल सिंह यादव समेत बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और सभी को होली की बधाई दी। परिवार के सदस्यों ने एक दूसरे को बधाई दी तो गिले शिकवे भी मिटते नजर जाए। वहीं चार साल बाद एक मंच पर परिवार के सभी सदस्यों को देखकर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।


पिछले वर्ष होली के त्योहार पर परिवार दो खेमे में बंटा नजर आया था। करीब चार साल पहले सपा से अलग होकर शिवपाल सिंह ने प्रसपा का गठन किया था तो परिवार में मनमुटाव आ गया था। इसके बाद पिछले वर्ष अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव ने अलग अलग होली मिलन समारोह आयोजित किए थे। परिवार के सभी सदस्य अलग अलग नजर आए थे।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पुरा छात्र एवं विंध्य गौरव ख्याति समारोह बड़े शानोशौकत से हुआ सम्पन्न

प्रयागराज में युवक की जघन्य हत्या कर शव को शिव मंदिर के समीप फेंका , पुलिस ने शव को लिया अपने कब्जे में