रेप इन इंडिया' बयान पर बुरे फंसे राहुल, चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
नई दिल्ली (स्वतंत्र प्रयाग): भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के 'रेप इन इंडिया' बयान पर रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने सोमवार को यह जानकारी दी। झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी को इस संबंध में जल्द से जल्द रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा गया है। राहुल गांधी के 'रेप इन इंडिया' बयान पर विवाद बढ़ने के बाद आयोग ने यह फैसला किया है।
राहुल ने यह बयान गुरुवार को झारखंड के गोड्डा जिले में जनसभा संबोधित करते हुए दिया था। महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा था, "प्रधानमंत्री ने 'मेक इन इंडिया' लॉन्च की थी, लेकिन आजकल 'रेप इन इंडिया' है।" आपको बता दें कि, राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी।
साथ ही प्रदेश बीजेपी महिला मोर्चा ने भी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर राहुल गांधी की चुनावी सभाओं पर रोक लगाने की मांग की थी। शिकायत में ये कहा गया था कि राहुल गांधी ने 12 दिसंबर को गोड्डा की सभा में अपमानजनक और शर्मसार करने वाला बयान दिया था। राहुल गांधी ने कहा था कि, आज भारत मेक इन इंडिया की जगह रेप इन इंडिया बन गया है। राहुल गांधी के इस बयान के बाद संसद में भी जमकर हंगमा हुआ था। साथ ही इस पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई महिला सांसदों ने राहुल गांधी से माफी की मांग की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें