झारखंड चुनाव में चौथे चरण के लिए मतदान जारी, दो प्रमुख मंत्रियों के भाग्य का होगा फैसला


रांची (स्वतंत्र प्रयाग): झारखंड में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए सोमवार को यहां 15 सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गए। इस चरण में 23 महिला उम्मीदवारों समेत कुल 221 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं और लगभग 48 लाख मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे।


सबसे ज्यादा 25 उम्मीदवार बोकारो सीट से लड़ रहे हैं जबकि सबसे कम आठ उम्मीदवार निरसा सीट पर हैं। मधुपुर सीट पर राज्य के श्रम मंत्री एवं बीजेपी उम्मीदवार राज पालीवार का मुख्य मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार हुसैन अंसारी से होने की संभावना है।
 
वहीं, चंदनकियारी सीट पर मुख्य मुकाबला राजस्व मंत्री अमर कुमार बावरी और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन के उम्मीदवार उमाकांत रजक के बीच होने की संभावना है। झरिया सीट पर एक ही परिवार की दो महिलाओं के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है, जहां बीजेपी ने रागिनी सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।


वहीं, कांग्रेस ने पूर्णिमा नीरज सिंह को टिकट दिया है। रागिनी भगवा पार्टी के मौजूदा विधायक संजीव सिंह की पत्नी हैं। सिंह अपने चचेरे भाई नीरज सिंह (कांग्रेस नेता) की हत्या के मामले में जेल में हैं।
कुल 15 में से तीन- देवघर, जमुआ और चंदनकियारी सीटें अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं जबकि शेष 12 सीटें सामान्य हैं।


देवघर, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद जिलों की 15 सीटों पर कुल 47,81,422 मतदाता हैं। जहां 10 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा वहीं शेष सीटों- जमुआ, गिरिडीह, दुमरी और तुंडी पर मतदान अपराह्न तीन बजे खत्म हो जाएगा।


इस चरण में कुल 6,101 मतदान बूथों में 4,296 बूथ ग्रामीण क्षेत्र में हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में 405 बूथों को अति संवेदनशील, वहीं गैर-नक्सल प्रभावित क्षेत्र में 546 बूथों को अतिसंवेदनशील और 2,665 बूथों को संवेदनशील चिह्नित किया है।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अंडरलोड ट्रक को सीज कर राजस्व की कर रहे है पूर्ति ओवरलोड अवैध खनन को दे रहे बढ़ावा

पुरा छात्र एवं विंध्य गौरव ख्याति समारोह बड़े शानोशौकत से हुआ सम्पन्न

प्रयागराज में युवक की जघन्य हत्या कर शव को शिव मंदिर के समीप फेंका , पुलिस ने शव को लिया अपने कब्जे में