रिश्वत लेते एक पुलिस आरक्षक सहित दो गिरफ्तार
इंदौर (स्वतंत्र प्रयाग): मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के सराफा थाने में पदस्थ एक आरक्षक और नगर सुरक्षा समिति के एक सदस्य को पांच हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते आज 'विशेष पुलिस स्थापना शाखा लोकायुक्त' ने गिरफ्तार किया है।आधिकारिक जानकारी के अनुसार शेख कमाल हुसैन निवासी सुभाष मार्ग इंदौर ने लोकायुक्त पुलिस को एक लेखी शिकायत कर बताया था कि उसके नियोक्ता के द्वारा ठगी का एक प्रकरण दर्ज कराया गया था।
जेवरात बनाने का काम करने वाला कमाल हुसैन प्रकरण में गवाह है। न्यायालय में गवाही देने में विलम्ब होने के चलते आरोपी आरक्षक अंकित उपाध्याय नगर सुरक्षा समिति एक सदस्य राजेंद्र तिवारी के माध्यम से 25 हजार रूपये रिश्वत राशि की मांग कर रहा है।
जांच में शिकायत सहीं पाए जाने पर आज लोकायुक्त पुलिस ने राजेंद्र तिवारी को रिश्वत राशि की अंतिम क़िस्त 5 हजार रूपये लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया है।
इससे पहले अंकित उपाध्याय और राजेंद्र तिवारी कमाल हुसैन से 20 हजार रूपये की रिश्वत राशि ले चुके थे। लोकायुक्त पुलिस ने आरक्षक अंकित उपाध्याय और राजेंद्र तिवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें