रघुवर ने देवेंद्र फड़नवीस और अजीत पवार को दी बधाई
रांची (स्वतंत्र प्रयाग): झारखंड के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने देवेंद्र फड़नवीस को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं अजीत पवार को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।
दास ने यहां ट्वीट कर कहा, “महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर फड़नवीस को और उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर अजीत पवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
” उन्होंने कहा भाजपा ने बीते पांच साल में महाराष्ट्र में लोक कल्याण के अनेक कार्य किए हैं। अब विकास का ये सिलसिला और आगे बढ़ेगा।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बाद एक महीने तक चले राजनीतिक गतिरोध के बाद अचानक एक बड़े सियासी उलटफेर में शनिवार को भाजपा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक धड़े के साथ गठजोड़ करके आनन-फानन में सरकार बना ली। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सुबह करीब साढ़े सात बजे देवेन्द्र फड़नवीस को मुख्यमंत्री और राकांपा के अजीत पवार को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें