हिमाचल प्रदेश पर्यावरण सरंक्षण व नशा निवारण पर चर्चा
मंडी (स्वतंत्र प्रयाग) : वन विभाग मंडी ने पर्यावरण संरक्षण व नशा निवारण पर चर्चा के लिए सोमवार को सूचना एवं जन सम्पर्क के साथ संयुक्त रूप से एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया । शिविर में वन विभाग के पनारसा, कटोला, द्रंग, कोटली, मझवाड़, रिवालसर के वन रक्षकों व रेंज अधिकारियों ने भाग लिया।शिविर की अध्यक्षता करते हुए वनमण्डलाधिकारी मंडी एस.एस. कश्यप ने कहा कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक विशेष अभियान छेड़ा है ताकि नशे जैसी बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण बारे भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन हमारी अमूल्य धरोहर हैं और वनों के सरंक्षण से ही स्वच्छ पर्यावरण संभव है। उन्होंने कहा कि हम सभी का नैतिक कर्तव्य बनता है कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए हर सम्भव प्रयास करें।
उन्होंने जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि हमने पर्यावरण का सरंक्षण नहीं किया और तापमान इसी गति से बढ़ता रहा तो आने वाले समय में अन्य जीव जंतुओं समेत मानव जीवन के लिए भी गंभीर संकट पैदा हो जाएगा। इससे बचाव के लिए जरूरी है कि हम अधिक से अधिक पौधे लाएं व वनों को बचाएं।
उन्होंने विभिन्न वन अधिनियमों के बारे भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों का आहवान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नशे की खेती करने वालों पर कड़ी नजर रखें। यदि कहीं ऐसा पाया जाता है तो तुरन्त विभाग व पुलिस को सूचित करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें